ऊखीमठ : मद्महेश्वर धाम को जोड़ने वाली ट्रॉली निर्माण का कार्य अधर में लटका हुआ, ग्रामीणों में आक्रोश

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : द्वितीय केदार मद्महेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में मोरखम्बा नदी पर बने अस्थाई लकड़ी के पुल की सुरक्षा दिवाल टूटने तथा ट्रॉली का कार्य कई महीनों से अधर में लटकने से सीमांत ग्राम पंचायत गौण्डार के ग्रामीणों की मुश्किल बढ़ती जा रही है। यदि आगामी बरसात से पूर्व मोरखम्बा नदी पर स्थाई पुल व ट्रॉली का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है तो मदमहेश्वर धाम की यात्रा प्रभावित होने के साथ गौण्डार गांव के ग्रामीणों की मुश्किलें और अधिक बढ़ सकती है। मोरखम्बा नदी पर स्थाई पुल का निर्माण न होने तथा का निर्माण कार्य अधर में लटकने से ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के प्रति आक्रोश बना हुआ है तथा ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय का घेराव करने का मन बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण ट्रॉली का निर्माण कार्य कई महीनों से अधर में लटका हुआ है तथा विभागीय अधिकारी समय- समय पर कोरे आश्वासन देकर इतिश्री कर रहे हैं।

बता दें कि 14 अगस्त 2023 में मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली मे मोरखम्बा नदी पर दशको पूर्व बना लोहे का गार्डर पुल नदी की तेज धाराओं में समा गया था तथा मदमहेश्वर धाम मे फसे सैकड़ो श्रद्धालुओं को हेली रेक्स्यू के जरिये सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था तथा मदमहेश्वर धाम की यात्रा खासी प्रभावित हुई थी।  गौण्डार गांव के ग्रामीणों के सहयोग से मोरखम्बा नदी पर लकड़ी का अस्थाई पुल बनाकर यात्रा सुचारू की गयी थी। विगत वर्ष 26 जुलाई 2024 को लकड़ी का अस्थाई पुल भी मोरखम्बा नदी की तेज धाराओं में समाने से मदमहेश्वर धाम की यात्रा खासी प्रभावित होने के साथ मदमहेश्वर धाम मे फसे 105 तीर्थ यात्रियों का हेली रेक्स्यू कर सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया गया था फिर गौण्डार के ग्रामीणो के अथक प्रयासो से मोरखम्बा नदी पर लकड़ी का अस्थाई पुल तैयार कर 2 अगस्त को मदमहेश्वर धाम की यात्रा सुचारू हो पायी थी तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा मोरखम्बा नदी पर ट्रॉली का निर्माण कार्य शुरू तो किया गया था मगर आज तक ट्राली का निर्माण कार्य पूरा नही हो पाया है। प्रधान बीर सिंह पंवार ने बताया कि पुल निर्माण व ट्रॉली के शेष कार्य को पूरा करने के लिए कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई गई है मगर विभागीय अधिकारी ग्रामीणों की फरियाद सुनने के लिए राजी नही है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानन्द पंवार ने बताया कि विगत दिनो हिमालयी क्षेत्रो मे बर्फबारी होने के कारण मोरखम्बा के जल स्तर में वृद्धि होने से अस्थाई पुल की सुरक्षा दीवाल क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं तथा आगामी बरसात में समस्या और गम्भीर हो सकती है। ग्रामीण बीरबल बिष्ट ने बताया कि विभागीय अनदेखी के कारण ट्रॉली का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। पूर्व प्रधान बलबीर पंवार का कहना है कि यदि समय रहते ट्रॉली का निर्माण कार्य पूरा नही किया गया तो ग्रामीणों को लोक निर्माण विभाग के कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की होगी। वहीं दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियो का कहना है कि मौसम साफ होते ही ट्रॉली का शेष कार्य पूरा किया जायेगा।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : निदेशक के खिलाफ वन कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, आर - पास की लड़ाई की शुरू

संजय कुंवर गोपेश्वर : वन कर्मचारियों ने निदेशक पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, कहा जब तक निदेशक का स्थानांतरण नहीं हो जाता तब तक कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। जनपद चमोली के वन विभाग के सभी कर्मचारी संगठनों के संयुक्त मोर्चा “संयुक्त मोर्चा संघर्ष समिति”की एक आवश्यक बैठक में एक […]

You May Like