
कालीमाई की 51 दिवसीय प्रथम चरण की देवारा यात्रा सम्पन्न, समिति ने जनता का जताया आभार
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमाई की 51 दिवसीय प्रथम चरण की दिवारा यात्रा के निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं सफल समापन पर यात्रा समिति के अध्यक्ष लखपत राणा ने समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि माता कालीमाई की कृपा, जनसहयोग तथा प्रशासन के समन्वय से यह पावन यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सकुशल सम्पन्न हुई, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

समिति अध्यक्ष ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था, अनुशासन और सेवा भाव देखने योग्य रहा। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने पूरे 51 दिनों तक यात्रा की मर्यादा और परंपराओं का पालन करते हुए माता के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्थाओं को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। समिति अध्यक्ष लखपत राणा ने यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, महिला मंगल दलों, युवक मंगल दलों, स्वयंसेवकों, पुजारियों, ढोल-दमाऊ वादकों तथा भंडारा व सेवा कार्य से जुड़े सभी सहयोगियों की भूमिका की सराहना की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले प्रशासन और पुलिस विभाग का भी विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। समिति अध्यक्ष लखपत राणा ने कहा कि भविष्य में भी माता कालीमाई की दिवारा यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य स्वरूप देने के लिए समिति प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से आगामी चरणों में भी इसी प्रकार सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए माता कालीमाई से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
51 दिवसीय कालीमाई की प्रथम चरण की देवारा यात्रा के निर्विघ्न सम्पन्न होने पर समिति अध्यक्ष लखपत राणा , महामंत्री सुरेशानंद गौड़ , कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित, दिवारा यात्रा समिति के पदाधिकारी , सदस्यों के अलावा , कालीमठ , कविल्ठा , ब्यूखी , कुणजेठी , बेडूला , जग्गी बगवान गांवों के ग्रामीणों व जनमानस ने , कालीमठ घाटी , मदमहेश्वर घाटी , ऊखीमठ, गुप्तकाशी , भीरी , चन्द्रापुरी , सौडी , अगस्तमुनि , रामपुर, तिलवाडा , रूद्रप्रयाग, धारी देवी , श्रीनगर, जग्गी बगवान व देवप्रयाग के जनमानस , जनप्रतिनिधियों , व्यापारियों व विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

