
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तृतीय केदार तुंगनाथ यात्रा के आधार शिविर चोपता में कुछ लोगों द्वारा तुंगनाथ यात्रा पर संचालित होने वाले घोड़े – खच्चरों के साथ बेरहमी से मारपीट व अमानवीय व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष द्वारा घोड़े – खच्चरों के साथ मारपीट करने का मामला सोशल मीडिया पर जारी करने के साथ ही पुलिस चौकी चोपता में कुछ लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर भी दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष तुंगनाथ की ग्राम पंचायत उषाडा के कुछ युवा तुंगनाथ यात्रा पर घोड़े – खच्चरों का संचालन कर रहे है तो चोपता में संचालित घोड़े खच्चर यूनियन के पदाधिकारियों के बीच नियमों को लेकर विवाद चल रहा था तो बुधवार को कुछ लोगों के द्वारा उषाडा गांव के घोड़े – खच्चरों के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विवाद खुलकर सामने आ गया। पीड़ित पक्ष द्वारा घोड़े- खच्चरों के साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार किये जाने की लिखित शिकायत पुलिस प्रशासन से की गयी है। ग्राम पंचायत उषाडा के प्रशासक कुवर सिंह बजवाल ने घोड़े – खच्चरों के साथ मारपीट- अमानवीय व्यवहार की कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार सरासर गलत है तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए । वही दूसरी ओर तुंगनाथ घाटी मे संचार सुविधा न होने से यूनियन के पदाधिकारियों व पुलिस प्रशासन से वार्ता नही हो पाई ।

