
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : कालीमठ घाटी के सीमांत गांवों के ग्रामीणों की अराध्य देवी भगवती चामुण्डा की देवरा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए सीमांत गांव चिलौण्ड पहुंच गई है। भगवती चामुण्डा की देवरा यात्रा के चिलौण्ड गांव आगमन पर ग्रामीणों ने फूल – मालाओं व नक्षत्रों से भव्य स्वागत किया जबकि जाल तल्ला के ग्रामीणों ने भावुक क्षणों व मांगलिक गीतों के साथ देवरा यात्रा को विदा किया। शुक्रवार को भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा चिलौण्ड गांव का नगर भ्रमण कर ग्रामीणों की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद देगी तथा रात्रि प्रवास के लिए खोन्नू गांव पहुंचेगी।

15 वर्षों बाद भगवती चामुण्डा के दिवारा यात्रा का आयोजन होने से कालीमठ घाटी के हर गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीण श्रद्धा भाव से भगवती चामुण्डा की पूजा – अर्चना कर मनौती मांग कर विश्व कल्याण व क्षेत्र के खुशहाली की कामना कर रहे है । गुरूवार को ब्रह्म बेला पर विद्वान आचार्य अमित देवशाली , राजेन्द्र प्रसाद देवशाली , राहुल देवशाली , हिमांशु भट्ट, पुरूषोत्तम भट्ट और ओम प्रकाश भट्ट ने जाल तल्ला गांव मे पंचाग पूजन के तहत विधि – विधान से अनेक पूजाएं सम्पन्न कर भगवती चामुण्डा , जाखराजा सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाह्न कर आरती उतारी तथा ठीक नौ बजे भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा के अगले पड़ाव के लिए रवाना होने पर ब्राह्मणों ने वेद ऋचाओं , महिलाओ ने मांगलिक गीतो व भक्तो ने जय माता के उद्घोषों से दिवारा यात्रा की अगुवाई की । भगवती चामुण्डा देवी ने अनेक देवी – देवताओं के निशाणों के साथ नगर भ्रमण के दौरान जाल तल्ला गांव के विभिन्न तोकों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया तथा ग्रामीण ने भगवती चामुण्डा को अनेक प्रकार की पूजा सामाग्रियों से अर्घ्य व लाल – पीले वस्त्र अर्पित कर मनौती मांगी । देर सांय दिवारा यात्रा के चिलौण्ड गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। दिवारा यात्रा समिति अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सत्कारी ने बताया कि भगवती चामुण्डा की दिवारा यात्रा मे पांच दर्जन से अधिक श्रद्धालु शामिल है तथा हर गांव मे असंख्य भक्तो द्वारा दिवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया जा रहा है।
इस मौके पर संरक्षक कृपाल सिंह राणा , त्रिलोक सिंह रावत, सलाहकार रामचन्द्र सिंह राणा , उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह तिन्दोरी , सचिव तीरथ सिंह राणा , कोषाध्यक्ष योगम्बर सिंह रावत, मुलायम सिंह तिन्दोरी , दिनेश सत्कारी , मोहन सिंह राणा , दिनेश रावत, प्रमोद रावत , भरत सिंह तिन्दोरी , महिपाल सिंह तिन्दोरी , सूरज सिंह राणा , सन्तोष राणा , नवीन राणा , अभिषेक राणा , बीरेन्द्र सत्कारी , भगत सिंह सत्कारी सहित जाल तल्ला व चिलौण्ड गांवों के जनप्रतिनिधि व सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

