ऊखीमठ : भगवान तुंगनाथ धाम में 95 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी 

ऊखीमठ : हिमालय में सबसे ऊंचाई पर विराजमान तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों का आकंडा 95 हजार के पार पहुंच गया है जबकि भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर में 34 हजार, शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण में 1 लाख 28 हजार तथा द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम में 10 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने पूजा- अर्चना व जलाभिषेक कर विश्व समृद्धि की कामना की । 20 जून के बाद सभी तीर्थ में तीर्थ यात्रियों के आवागमन में भारी गिरावट आई थी मगर शिव जी के पवित्र मास सावन शुरू होते ही शिवालयों में भक्तों का तांता फिर शुरू होने लगा है । द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम में तीर्थ यात्रियों का आकंडा धीरे – धीरे नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है क्योंकि मद्महेश्वर धाम की यात्रा सबसे विकट मानी गयी है।

जानकारी देते हुए तुंगनाथ धाम के प्रबन्धक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि तुंगनाथ धाम मे अभी तक 53 हजार 603 पुरूष , 32 हजार 771 महिलाएं , 3242 नौनिहाल तथा 228 साधु सन्यासी सहित 95 हजार 244 तीर्थ यात्री दर्शन कर चुके है तथा सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर 700 से अधिक तीर्थ यात्रियों ने पूजा- अर्चना व जलाभिषेक कर मनौती मांगी। उन्होंने बताया कि चोपता से सीधे चन्द्रशिला जाने वाले पर्यटकों को मन्दिर समिति के रिकार्ड मे दर्ज नही किया जाता है । मन्दिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर मे 19 , 427 पुरूषों , 13 ,636 महिलाओ, 1793 नौनिहालों सहित 34 हजार 974 तीर्थ यात्रियों मे दर्शन कर पुण्य अर्जित किया जबकि शिव – पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मे 61 हजार 663 पुरूषों ,57 हजार 210 महिलाओं व 9624 नौनिहालों सहित 1 लाख 28 हजार, 497 तीर्थ यात्री पुण्य के भागी बने । मद्महेश्वर घाटी से रासी गांव से लगभग 14 किमी दूर सुरम्य मखमली बुग्यालों के मध्य तथा बूढ़ा मद्महेश्वर की तलहटी में विराजमान द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम मे 7237 पुरूषों , 3368 महिलाओ ,187 नौनिहालों तथा 28 साधु संन्यासियों सहित 10 हजार 800 तीर्थ यात्रियों ने पूजा – अर्चना व जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। मन्दिर समिति वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्वाण ने बताया कि द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम की यात्रा मे धीरे – धीरे इजाफा हो रहा है तथा अगले माह 20 अगस्त के बाद सभी धामों में तीर्थ यात्रियों के आवागमन मे भारी सम्भावना बनी हुई है।

Next Post

ज्योतिर्मठ : श्रीलंका में लिट्टे 1988 संघर्ष में शहीद हुए भारतीय शांति सेना के जवानों की याद में गुरुद्वारा में दी गई श्रद्धांजलि

श्री लंका में लिट्टे 1988 संघर्ष में शहीद हुए भारतीय शांति सेना के जवानों की याद में गुरुद्वारा ज्योतिर्मठ में श्रद्धांजलि, सुखमणि साहिब पाठ ओर लंगर का आयोजन। संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ गुरुद्वारा ज्योतिर्मठ में आसाम रेजिमेंट द्वारा अपने वीरगति प्राप्त हुए उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने […]

You May Like