
नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस ने चमोली से सकुशल बरामद की किशोरी
जसपाल नेगी
कोटद्वार/पौड़ी। महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चमोली जिले के लंगासू क्षेत्र से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, एक अप्रैल 2026 को कोटद्वार निवासी व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 31 मार्च की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना बताए चली गई थी और वापस नहीं लौटी। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रकरण नाबालिग से जुड़ा होने के कारण एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने त्वरित जांच, पतारसी-सुरागरसी और तकनीकी मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस की सक्रियता के चलते कृष्णा भट्ट और विमल रावत को लंगासू, जनपद चमोली से गिरफ्तार कर लिया गया। इसी दौरान नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पीड़िता के बयान के बाद बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं
बरामदगी के बाद पूछताछ में पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों अभियुक्तों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर मुकदमे में धारा 70(2) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4/5(जी)/6 की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
महिला अपराधों पर सख्त रुख
पौड़ी पुलिस ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
