केदारघाटी : केदारनाथ धाम के कपाट खुले, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा परिसर

Team PahadRaftar

सीएम धामी ने की विशेष पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा केदारनाथ धाम, कपाट खुलते ही उमड़ा आस्था का सैलाब

 केदारनाथ धाम के कपाट खुले, “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा आकाश

लक्ष्मण नेगी रिपोर्ट 

ऊखीमठ / रुद्रप्रयाग। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महासंगम श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोल दिए गए। प्रातः ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही बाबा केदार के कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गूंज उठा। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।

कपाट उद्घाटन के ऐतिहासिक और दिव्य क्षणों के साक्षी बनने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों ने माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

चारधाम यात्रा इस बार बनाएगी नया रिकॉर्ड: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यह भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार उत्तराखंड

धामी ने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। साथ ही प्रदेशवासियों से अपील की कि वे आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखें।

51 क्विंटल फूलों से सजा धाम, हुई पुष्प वर्षा

कपाट खुलने से पहले प्रातः 5 बजे से पूजा-अर्चना शुरू हुई। रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर और अन्य धर्माचार्यों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा संपन्न कराई। ठीक 8 बजे कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा धाम दिव्यता से सराबोर नजर आया।

 डोली यात्रा पहुंची थी एक दिन पहले

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी।

 ये रहे मौजूद

इस मौके पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, एसपी नीहारिका तोमर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित और श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : शिक्षक, चिकित्सक और अधिवक्ता को सतत अध्ययन की आवश्यकता : आकाश सारस्वत

डाइट गौचर में एफएलएन कार्यशाला का शुभारंभ, 53 संदर्भदाता शिक्षकों ने लिया भाग गौचर/चमोली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) गौचर में रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट के सहयोग से दो दिवसीय बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) को सशक्त बनाने हेतु कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में जनपद के […]

You May Like