संजय कुंवर
चमोली : ज्योर्तिमठ के पल्ला जखोला गांव में सामाजिक कार्यों में शराब पीने पिलाने पर होगी कार्रवाई। समाजिक बहिष्कार के साथ 50 हजार रुपए का अर्थ दंड भी लगेगा।

चमोली जिले के अन्य गांवों की भांति अब विकासखंड जोशीमठ के दूरस्थ गांव पल्ला जखोला के ग्रामीणों, महिला मंगल दल और युवाओं ने आज बैठक कर गांव के सामाजिक कार्यों शादी – विवाह, मुंडन, सगाई और अन्य धार्मिक कार्यों में शराब पीने पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी लगातार शराब और नशा के गिरफ्त में जा रहे हैं। हमें अपनी युवा पीढ़ी को नशा से बचाना होगा। साथ ही शराब से गांव का समाजिक माहौल भी खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध शराब बेची गई तो उस पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में सभी ग्रामीणों, महिला मंगल दल और युवाओं ने नशामुक्ति को लेकर शपथ ली गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि जो व्यक्ति समाजिक कार्यों में शराब पीने पिलाने में पकड़ा गया उस पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। सामाजिक बहिष्कार के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
