
केएस असवाल
गौचर : पालिका क्षेत्र गौचर में लग रहे जाम से निजात के लिए बुधवार को पुलिस व नगर पालिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों के खिलाफ जिस प्रकार से सख्ती दिखाई है काश ऐसी कार्यवाही पहले की गई होती तो क्षेत्र की जनता को लगातार लग रहे जाम से दो चार नहीं होना पड़ता।
दरअसल जनपद चमोली के गौचर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से मुख्य बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से शाम तक आड़े तिरछे खड़े वाहनों व फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की वजह से जाम लगना आम बात हो गई थी। इससे जहां कतिपय दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित होने के साथ ही आम जनता के साथ ही स्कूली बच्चों के साथ दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता था। कई बार ऐसे मौके भी आए जब वाहनों की टक्कर से बड़े बुजुर्गों के साथ ही बच्चे भी चोटिल हुए हैं। लगातार लग रहे जाम से निजात दिलाने के लिए व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल कई बार पुलिस के अलावा प्रशासन को से अनुरोध कर चुके हैं। आगामी यात्रा सीजन के दौरान क्षेत्र में जाम की स्थिति से यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए गौचर पुलिस चौकी में रविवार को पुलिस निरीक्षक राकेश चन्द्र भट्ट की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर भी व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने लगातार लग रहे जाम से लोगों को हो रही परेशानी तथा शराबियों द्वारा क्षेत्र में खराब किए जा रहे सामाजिक माहौल का मुद्दा उठाया था। इसी का नतीजा रहा कि बुधवार को गौचर पुलिस चौकी इंचार्ज मानवेन्द्र गुसाईं, पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान,कर निरीक्षक रोशन पुंडीर, अवर अभियंता राजीव चौहान आदि ने मुख्य बाजार में संयुक्त रुप से जहां बेतरतीब खड़े वाहनों का चालान किया वहीं फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों को नोटिस देकर हिदायत दी। पुलिस व पालिका की इस कार्यवाही से लोगों ने स्वत ही अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करने से मुख्य बाजार की छटा ही निखरती हुई दिखाई दी। चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि नो पार्किंग जोन में खड़े 6 वाहनों का चालान कर तीन हजार रुपए वसूले गए। इसी प्रकार पालिका द्वारा अतिक्रमण कर रहे 12 दुकानदारों को नोटिस देकर हिदायत दी गई। पुलिस व पालिका की इस कार्यवाही के लिए व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उनका कहना था कि काश ऐसी कार्यवाही पहले की गई होती तो कई लोगों को चोटिल होने से बचाया जा सकता था। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस प्रसाशन और पालिका ऐसी कार्यवाही हमेशा करें तो उससे व्यापारियों को लाभ मिलेगा आने जाने वाले लोग खदीदारी करेंगे सड़क खुली रहेगी तो टूरिस्ट रुकेंगे तो व्यापारियों को इसका लाभ मिलेगा, सारी सड़क तो निजी वाहनों से भरी पड़ी है। इस अवसर पर सुनील पंवार, बिरेन्द्र सिंह नेगी, किशन सिंह, दिनेश बिष्ट, भरत सिंह चौधरी, बलवीर सिंह बिष्ट, हिमांशु सक्सेना आदि लोग भी मौजूद रहे।

