चमोली : देवाल प्राथमिक विद्यालय ने रचा इतिहास, 5 बच्चों का नवोदय में चयन

Team PahadRaftar

देवाल प्राथमिक विद्यालय ने रचा इतिहास, 5 बच्चों का नवोदय में चयन

डायट के विशेष मार्गदर्शन और शिक्षकों की मेहनत से मिली बड़ी सफलता

केएस असवाल

चमोली : जनपद चमोली के विकासखंड देवाल स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय देवाल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। विद्यालय से पहली बार एक साथ 5 विद्यार्थियों दक्ष बिष्ट, विहान खत्री, दिया, उन्नति और मयंक बिष्ट का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

विद्यालय पिछले दो वर्षों से डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) चमोली के फोकस स्कूल के रूप में कार्य कर रहा है। डायट द्वारा लगातार विशेष अकादमिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। डायट मेंटर डॉ. कमलेश कुमार के मार्गदर्शन में डीएलएड प्रशिक्षुओं को नियमित रूप से विद्यालय भेजा गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई में निरंतर सुधार हुआ।

विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। पिछले वर्ष जहां 2 विद्यार्थियों का चयन हुआ था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने खुशी जताते हुए विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि डायट के सहयोग से अन्य विद्यालयों में भी इसी तरह के प्रयास किए जाएं और जरूरत के अनुसार संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही दिशा में किए गए प्रयास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालय भी उत्कृष्ट परिणाम दे सकते हैं।

Leave a Reply

Next Post

बसन्त नवरात्रि : सिद्धपीठ कालीमठ में तैयारियां पूरी

बसन्त नवरात्रि : सिद्धपीठ कालीमठ में तैयारियां पूरी पांच कुन्तल फूलों से सजा मंदिर, नौ दिनों तक विशेष पूजा-अनुष्ठान  लक्ष्मण नेगी  ऊखीमठ : सिद्धपीठ कालीमठ में बसन्त नवरात्रों को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। गुरुवार से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ होगा। […]

You May Like