लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तल्लानागपुर की ह्रदय स्थली के रूप विख्यात चोपता फलासी में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती चण्डिका की दूसरे चरण की उत्तर दिवारा यात्रा वेद ऋचाओं के साथ शुरू हो गयी है। उत्तर दिवारा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर हजारों भक्तों ने भगवती चण्डिका की तपस्थली फलासी पहुंच कर पुण्य अर्जित किया।

25 वर्षों बाद देवारा यात्रा के आयोजन से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है तथा ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। दूसरे चरण की देवारा यात्रा प्रथम रात्रि प्रवास के लिए चौण्ड गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने देवारा यात्रा का भव्य स्वागत किया। उत्तर देवारा के तहत भगवती चण्डिका केदार घाटी के विभिन्न तीर्थ स्थलो व गांवो का भ्रमण कर ग्रामीणो की कुशलक्षेम पूछकर आशीर्वाद देगी, इस दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक परम्पराओं का निर्वहन किया जायेगा।
लगभग 6 माह तक भगवती चण्डिका चारों दिशाओं का भ्रमण करेंगी तथा चारों दिशाओं के भ्रमण के बाद घर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका चोपता क्षेत्र विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी व विशाल यज्ञ के साथ 25 वर्षों बाद आयोजित दिवारा यात्रा का समापन होगा।
जानकारी देते हुए तुंगेश्वर महादेव मन्दिर समिति फलासी अध्यक्ष मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि भगवती चण्डिका का दिवारा यात्रा का शुभारंभ विगत 23 नवम्बर को वेद ऋचाओं के साथ शुरू हो गया था तथा 23 नवम्बर से 31 दिसम्बर तक भगवती चण्डिका की दिवारा यात्रा ने चोपता क्षेत्र के विभिन्न गांवो का भ्रमण किया। सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि उत्तर दिवारा के तहत भगवती चण्डिका भौसाल, रूमसी, मणिगुह ,भटवाडी , जगोठ, गणेशनगर, आसौ, कण्डारा , जलई सहित तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ओकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ पहुंचेगी तथा ऊखीमठ से अगस्तमुनि के लिए वापस लौटेगी यशवन्त सिंह नेगी ने बताया कि भगवती चण्डिका की 25 वर्षो बाद दिवारा यात्रा का आयोजन होने से ग्रामीणों में भारी उत्साह बना हुआ है।
उपाध्यक्ष दलवीर सिंह राणा ने बताया कि भगवती चण्डिका के उत्तर दिवारा के तहत अनेक धार्मिक , आध्यात्मिक व पौराणिक परम्पराओं का निर्वहन कियाजायेगा। मगन सिंह नेगी, रणजीत करासी , कुवर सिंह, सते सिंह नेगी, संजय सिंह, रणवीर सिंह ने बताया कि उत्तर दिवारा सम्पन्न होने के बाद भगवती अपने तप स्थली पर विराजमान होगी तथा कुछ दिनों बाद अगले चरण की दिवारा यात्रा का शुभारंभ होगा।
