गौचर : काली पट्टी बांध आयुर्वेदिक चिकित्सकों का विरोध जारी, 15 जून से हड़ताल की चेतावनी

Team PahadRaftar

केएस असवाल गौचर। सात सूत्रीय मांगों को लेकर राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा संघ का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। चिकित्सकों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और ओपीडी सेवाओं का संचालन किया। संघ ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर 15 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।

संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरज कोहली ने बताया कि चिकित्सा संवर्ग के लिए विभागीय निदेशक की नियुक्ति, एसीआर का समयबद्ध निस्तारण कर एसीपी और एमएसीपी का लाभ देने, डीएसीपी लागू करने तथा विभागीय ढांचे के पुनर्गठन सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशभर के चिकित्सक आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा अधिकारियों को सेवा अवधि के दौरान स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए तीन वर्ष का पूर्ण वेतन सहित अध्ययन अवकाश दिया जाए। साथ ही वर्ष 2024 बैच के चिकित्साधिकारियों का स्थायीकरण और मोबाइल एप आधारित उपस्थिति तथा आधार आधारित बायोमेट्रिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी किया जाए।

डॉ. कोहली ने बताया कि आंदोलन के तहत 8 से 10 जून तक चिकित्सक काली पट्टी बांधकर ओपीडी सेवाएं देंगे। 11 और 12 जून को आधे दिन कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 13 जून को पूर्ण ओपीडी बंद रखकर जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 15 जून से प्रदेशभर में आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे आयुष स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

You May Like