थराली : दलदल में फंसी अल्टो, पिकअप से खींचकर निकाली

Team PahadRaftar

दलदल में फंसी अल्टो, पिकअप से खींचकर निकाली

सोल घाटी के 16 गांवों की आवाजाही प्रभावित, थराली-डूंगरी मोटर मार्ग बदहाल

गिरीश चंदोला थराली। लगातार हो रही बारिश से सोल घाटी की सड़कें बदहाल हो गई हैं। थराली-डूंगरी मोटर मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और दलदल बनने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। शनिवार को एक अल्टो कार दलदल में फंस गई। ग्रामीणों ने पिकअप वाहन की मदद से रस्सी बांधकर कार को खींचकर बाहर निकाला। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

सोल घाटी में करीब 16 गांव हैं। तहसील मुख्यालय और बाजार तक पहुंचने के लिए ग्रामीण इसी मोटर मार्ग पर निर्भर हैं। बारिश के बाद सड़क पर मलबा और कीचड़ जमा होने से छोटे वाहनों का संचालन जोखिमभरा हो गया है। कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।

मार्ग बंद होने पर पैदल सफर मजबूरी

ग्रामीणों का कहना है कि खाली-डूंगरी मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई के अधीन है। बरसात में हर वर्ष सड़क की स्थिति खराब हो जाती है। मार्ग बाधित होने पर ग्रामीणों को 10 से 12 किलोमीटर तक पैदल चलकर तहसील मुख्यालय पहुंचना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, बुजुर्गों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को होती है।

मलबा गिरने का बना रहता है खतरा

बरसात के दौरान मार्ग पर पहाड़ी से मलबा और चट्टान गिरने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार विभाग के पास पर्याप्त मशीनरी नहीं होने से सड़क बाधित होने पर यातायात बहाल करने में समय लग जाता है। इससे घाटी के गांवों का संपर्क प्रभावित होता है।

नंदानगर से जोड़ने की मांग भी अधूरी

ग्रामीण लंबे समय से सोल घाटी को नंदानगर से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं। तकनीकी कारणों से सड़क के कुछ हिस्सों में काम आगे नहीं बढ़ पाया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तकनीकी अड़चन दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और थराली-डूंगरी मोटर मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं ने दिखाई खेल प्रतिभा, कबड्डी में वारियर ज्योर्तिमठ बनी विजेता

राष्ट्रीय खेल दिवस पर युवाओं ने दिखाई खेल प्रतिभा, कबड्डी में वारियर ज्योर्तिमठ बनी विजेता क्रॉस कंट्री और चित्रकला प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, सोमवार को होंगे फाइनल मुकाबले ज्योतिर्मठ। संजय कुंवर। युवा खेल विकास समिति ज्योतिर्मठ की ओर से आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के द्वितीय दिवस […]

You May Like