चमोली : पांच लाख महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ, दिसंबर में आएगी पहली किस्त

Team PahadRaftar

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री धामी, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता; चमोली को 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पीपलकोटी (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर में लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ खेती-किसानी, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चमोली की धरती से शुरू हुए चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण की जो मिसाल पेश की, वह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के पीपलकोटी पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सम्मेलन स्थल पर लगे स्टालों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति अभियान में योगदान के लिए महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला।

कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मान दिया गया।

30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने जिले में 149.77 करोड़ रुपये की लागत की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में 16.68 करोड़ रुपये की लागत से मोटर पुल निर्माण, थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग का 32.69 करोड़ रुपये से सुधारीकरण एवं डामरीकरण और ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग का 15.06 करोड़ रुपये से सुधारीकरण शामिल है। इसके अलावा दशोली, कर्णप्रयाग और पोखरी क्षेत्र में भी कई मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण कार्यों की शुरुआत की गई।

वहीं, लोकार्पित योजनाओं में गौचर और उर्गम में बीपीएचयू भवन, गोपेश्वर आइटीआइ में कार्यशाला एवं वर्कशॉप, विभिन्न विद्यालयों में प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कक्षा-कक्ष और अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंची भगवान मदमहेश्वर की डोली, 19 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर में होगी विराजमान

बुधवार को गिरिया गांव में होगा अंतिम रात्रि प्रवास, 20 नवंबर से शुरू होगी शीतकालीन पूजा लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ : द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार को सादगी के साथ रात्रि प्रवास के लिए भगवती राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंच गई। डोली के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान […]

You May Like