ऊखीमठ : बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, चार की मौत, छह घायल

Team PahadRaftar

कंडारा के समीप रात नौ बजे हुआ हादसा, चार घायलों की हालत गंभीर; श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर

ऊखीमठ :  रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। पोखरी में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा मैक्स वाहन बांसबाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर कंडारा के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में 10 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, वाहन रांसी-गोणार क्षेत्र का बताया जा रहा है। सभी लोग पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे कंडारा के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल ने पुलिस बल के साथ स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। खाई में गिरे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। दो घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों की पहचान कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरज सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56), लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा देवी (34) शामिल बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य कंडारा अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत, कालीमठ वार्ड के पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा और बदरी-केदार मंदिर समिति के पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।

हादसे के बाद क्यूंजा घाटी सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : पांच लाख महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ, दिसंबर में आएगी पहली किस्त

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री धामी, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता; चमोली को 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात पीपलकोटी (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश […]

You May Like