चमोली : नारायणबगड़ पीएचसी को सीएचसी बनाने की मांग, सातवें दिन बाजार में निकाली रैली

Team PahadRaftar

नारायणबगड़ पीएचसी को सीएचसी बनाने की मांग, सातवें दिन बाजार में निकाली रैली

गिरीश चंदोला, नारायणबगड़। नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को आंदोलनकारियों ने धरना स्थल से मुख्य बाजार होते हुए परखाल पुल तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द मांग पूरी करने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नारायणबगड़ क्षेत्र की बड़ी आबादी स्थानीय पीएचसी पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इसे सीएचसी के रूप में उच्चीकृत करना जरूरी है।

आंदोलनकारियों ने उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर अस्पताल के उच्चीकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

सरकारी प्रतिनिधि के आने तक जारी रहेगा आंदोलन

क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार ने कहा कि जब तक सरकार का कोई प्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान एसीएमओ ने भी आंदोलनकारियों से बातचीत की, हालांकि वार्ता में दिए गए आश्वासन के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी।

ये रहे मौजूद

प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, सुरी कनेरी और साक्षी नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख देवराज रावत, उत्तराखंड क्रांति दल के नेता मोहन राम आर्या और प्रकाश राम, विक्रम राम महर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल रहे। आंदोलनकारियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बदरीनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु, 20.72 लाख ने किए दर्शन

बदरीनाथ धाम में उमड़े श्रद्धालु, 20.72 लाख ने किए दर्शन संजय कुंवर बदरीनाथ :  भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में तीर्थाटन चरम पर है। श्राद्ध पक्ष के बाद शारदीय नवरात्र और विजयदशमी पर्व के चलते बदरीपुरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। देवदर्शनी से लेकर बदरीनाथ मंदिर परिसर तक तीर्थयात्रियों की […]

You May Like