ऊखीमठ : भगवती नन्दा के आगमन से तुंगनाथ घाटी में उत्साह, 24 अक्टूबर को होगा जीतू बगड़वाल नृत्य

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ में जगत कल्याण के लिए तपस्यारत भगवती नन्दा आगामी दिनों में तुंगनाथ घाटी के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेंगी। देवी के आगमन को लेकर काण्डा, हूण्डू, उषाड़ा, दैड़ा और पर्यटक गांव सारी में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवती नन्दा के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। इस दौरान पारंपरिक जीतू बगड़वाल नृत्य मुख्य आकर्षण रहेगा।

पूर्व सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट ने बताया कि भगवती नन्दा 23 अक्टूबर को पर्यटक गांव सारी पहुंचेगी। यहां 23 और 24 अक्टूबर को भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 अक्टूबर को जीतू बगड़वाल नृत्य विशेष आकर्षण रहेगा। 25 अक्टूबर को भगवती नन्दा भावुक क्षणों के बीच विदा होंगी और अपने पूजा स्थल मक्कूमठ पहुंचकर जगत कल्याण के लिए ध्यानमग्न होंगी।

प्रधान उषाड़ा प्रतिपाल बगवाली ने बताया कि भगवती नन्दा की यात्रा क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बनेगी। देवी के स्वागत को लेकर गांवों में तैयारियां तेज हो गई हैं और श्रद्धालु उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : नारायणबगड़ पीएचसी को सीएचसी बनाने की मांग, सातवें दिन बाजार में निकाली रैली

नारायणबगड़ पीएचसी को सीएचसी बनाने की मांग, सातवें दिन बाजार में निकाली रैली गिरीश चंदोला, नारायणबगड़। नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी रहा। सोमवार को आंदोलनकारियों ने धरना स्थल से मुख्य बाजार होते […]

You May Like