ऊखीमठ : तुंगनाथ घाटी के दर्जनों गांवों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा, 3.16 करोड़ के कार्य का शुभारंभ

Team PahadRaftar

विधायक आशा नौटियाल ने किया भूमिपूजन, तुंगनाथ घाटी के दर्जनों गांवों को मिलेगी बेहतर सड़क सुविधा

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने ताला–बरंगाली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। करीब 3.16 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

मोटर मार्ग के सुधारीकरण से ताला, उषाड़ा, हुड्डू, बरंगाली, दैड़ा, दुर्गाधार और पाब जगपुड़ा सहित तुंगनाथ घाटी के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीण लंबे समय से सड़क के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग कर रहे थे।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और अन्य लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि विकास का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश बजवाल, पिंकी देवी, भरत नेगी, ग्राम प्रधान प्रेम सिंह, शिशुपाल सिंह, प्रतिपाल सिंह, अनीता देवी, विनोद सिंह, नंदन सिंह रावत, योगेंद्र नेगी, बलबीर राणा और भरत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

You May Like