
पार्क प्रशासन को मिला 48.48 लाख रुपये का राजस्व, 196 विदेशी पर्यटकों ने भी निहारी प्राकृतिक खूबसूरती
संजय कुंवर, वैली ऑफ फ्लावर्स
विश्व धरोहर फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों की आमद ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। एक जून को पर्यटकों के लिए खोली गई फूलों की घाटी में 31 अगस्त तक तीन माह में 25,735 पर्यटक पहुंच चुके हैं। इनमें 196 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। पर्यटकों की बढ़ी आमद से पार्क प्रशासन को प्रवेश शुल्क के रूप में करीब 48 लाख 48 हजार 200 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
चमोली जिले की उच्च हिमालयी भ्यूंडार घाटी में समुद्र तल से करीब 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित फूलों की घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, दुर्लभ वनस्पतियों और रंग-बिरंगे पुष्पों के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। इस वर्ष घाटी में अच्छी फ्लावरिंग होने के साथ मौसम भी पर्यटकों के अनुकूल रहा। जुलाई और अगस्त में मानसून के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने घाटी का रुख किया।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योर्तिमठ के उप वन संरक्षक यश ढोबले ने बताया कि इस वर्ष घाटी में अच्छी फ्लावरिंग और सुहावने मौसम के साथ पार्क प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गईं। इससे पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
अभी और बढ़ सकती है संख्या
पार्क प्रशासन के अनुसार फूलों की घाटी में पर्यटकों की आवाजाही अभी सुचारु रूप से जारी है। सितंबर और अक्टूबर में भी मौसम अनुकूल रहने पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पार्क का प्रवेश द्वार 31 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले पर्यटन सत्र में ही घाटी पर्यटकों के लिए खोली जाएगी।
बॉक्स
25,735 — कुल पर्यटक
196 — विदेशी पर्यटक
₹48.48 लाख — प्राप्त राजस्व
31 अक्टूबर — शीतकाल के लिए बंद होगा पार्क

