
एक वर्ष में विकास कार्यों को मिली गति, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी ने गिनाईं उपलब्धियां
संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ की क्षेत्र पंचायत का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी ने पत्रकार वार्ता कर अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की प्राथमिकता क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना होना चाहिए।

पत्रकार वार्ता में ब्लॉक प्रमुख ने एक वर्ष के दौरान विकासखंड क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठकों में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से निस्तारित कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र होने के कारण ज्योतिर्मठ में विकास कार्यों के सामने कई भौगोलिक चुनौतियां हैं। इसके बावजूद सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आगामी समय में भी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान उन्होंने एक वर्ष में किए गए कार्यों का ब्यौरा रखते हुए भविष्य की योजनाओं को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।

