ऊखीमठ : कालीमठ की सोमेश्वरी ने भाजपा से ठोकी दावेदारी, टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरने के संकेत

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। कालीमठ घाटी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भजनों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने वाली पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमेश्वरी भट्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनकी दावेदारी पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो समर्थकों से राय लेकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का विकल्प खुला है।

सोमेश्वरी भट्ट लंबे समय से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। पूर्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य के रूप में जनप्रतिनिधित्व कर चुकीं भट्ट ग्रामीण समस्याओं और सामाजिक सरोकारों को भी उठाती रही हैं। कालीमठ की धार्मिक परंपराओं और देवी-देवताओं की महिमा से जुड़े भजनों के माध्यम से लोक संस्कृति को संरक्षित करने के प्रयासों को उनकी पहचान से जोड़कर देखा जाता है।

उन्होंने कहा कि कालीमठ घाटी की धार्मिक और पौराणिक विरासत क्षेत्र की पहचान है। इसे संरक्षित रखते हुए तीर्थाटन और पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और संचार जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की जरूरत है।

सोमेश्वरी भट्ट ने पिछले वर्ष हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद पर भी चुनाव लड़ा था। उनका कहना है कि पहाड़ की महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल पाए हैं। वह महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को राजनीतिक मंच पर प्रमुखता से उठाना चाहती हैं।

भाजपा से टिकट की दावेदारी को लेकर उन्होंने संगठन में जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय परिस्थितियों को प्राथमिकता देने की पैरवी की। उन्होंने कहा कि पार्टी यदि उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो वह संगठन के अनुशासन और नीतियों के अनुरूप चुनाव लड़ेंगी। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में समर्थकों और जनता से चर्चा के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया जा सकता है।

सोमेश्वरी भट्ट की दावेदारी सामने आने के बाद कालीमठ घाटी और गुप्तकाशी क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब निगाहें भाजपा के प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं। पार्टी उनके दावे को कितना महत्व देती है और टिकट न मिलने पर उनका अगला कदम क्या होगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

You May Like