गोपेश्वर : चमोली में पीआईबी के वार्तालाप में योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

Team PahadRaftar

मीडिया को बताया सरकार और जनता के बीच सेतु, तथ्यपरक एवं सकारात्मक पत्रकारिता का आह्वान

केएस असवाल गोपेश्वर। सीमांत जनपद चमोली में भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ गांवों और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से योजनाओं की तथ्यपरक एवं प्रमाणिक जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, प्रेस क्लब की संरक्षक क्रांति भट्ट और पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने किया।

कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, जीआई टैग और स्थानीय उत्पादों से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी, जबकि लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।

ब्लॉक स्तर पर भी हों वार्तालाप कार्यक्रम

जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम जनपद के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने पीआईबी से ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि गांवों में रहने वाले अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि प्रचार-प्रसार के अभाव में कई लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते हैं। मीडिया के सहयोग से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने जनहित एवं सकारात्मक पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है। प्रेस क्लब की संरक्षक क्रांति भट्ट ने जनपद में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों और उनकी भूमिका पर विचार रखे।

नशामुक्ति से लेकर स्वास्थ्य योजनाओं तक की जानकारी

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अभियान के तहत 140 नारकोटिक्स किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता की जरूरत बताई।

सीएमओ डॉ. राजीव सिंह पाल ने आयुष्मान योजना, जननी सुरक्षा योजना और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय व्यक्ति को राहगीर योजना के तहत 25 हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाती है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने नंदा गौरा योजना की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की। सहायक निदेशक मत्स्य नितेश कुमार चंद्र ने मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत ट्राउट उत्पादन और रोजगार की संभावनाओं पर जानकारी दी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्त भारत अभियान, स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा नशामुक्ति केंद्रों एवं काउंसलिंग की व्यवस्था के बारे में बताया।

स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने पर जोर

जिला उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने चमोली के स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम और कीवी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए जिले में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी।

खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय ने ई-20 पेट्रोल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके निर्माण में चावल, मक्का और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों का उपयोग किया जाता है।

मीडिया के जरिये गांव-गांव पहुंचे योजनाओं की जानकारी

पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ आयोजित करने का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी मीडिया के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। मीडिया के माध्यम से योजनाओं की सही जानकारी गांव-गांव पहुंचने से पात्र लोगों को उनका लाभ लेने में आसानी होगी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने विश्वसनीय एवं तथ्यपरक सूचनाओं के प्रसार के लिए पीआईबी का आभार जताया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने तमक नाला, नीति घाटी और टीएचडीसी पीपलकोटी में हुई आपदाओं के दौरान जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

कार्यशाला में अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच योजनाओं के प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत संवाद हुआ। इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थानों के दर्जनों प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You May Like