चमोली : बलिदान दिवस पर आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, औषधीय पौधों का रोपण कर दी श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि

Team PahadRaftar

केएस असवाल (चमोली)। श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस एवं देवशयनी एकादशी के अवसर पर शनिवार को आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) चमोला चिकित्सालय की ओर से विकासखंड कर्णप्रयाग के राजकीय जूनियर हाईस्कूल सेनु और राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेनु में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान औषधीय पौधों का रोपण और वृक्षदान कर अमर शहीद श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

शिविर में शतावरी, अश्वगंधा, आंवला, रीठा और कागजी नींबू सहित विभिन्न औषधीय पौधों का मंत्रोच्चार के साथ रोपण किया गया। दोनों विद्यालयों को औषधीय पौधे भेंट किए गए। विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस जनहितकारी पहल के लिए आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान कई विद्यार्थी सर्दी, खांसी, जुकाम, वायरल बुखार और एनीमिया (रक्ताल्पता) से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों ने सभी विद्यार्थियों का परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क औषधियां वितरित कीं।

चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु डिमरी ने बताया कि ऋतु परिवर्तन के समय आहार-विहार के नियमों की अनदेखी करने से मौसमी रोग तेजी से फैलते हैं। उन्होंने रात्रि में दही और चावल का सेवन न करने, हरी सब्जियों एवं सलाद को भोजन में शामिल करने तथा संतुलित पोषण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उचित दिनचर्या और खानपान अपनाकर ऋतु संधि जनित बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

शिविर में फार्मेसी अधिकारी संजोग कुमार, स्वयंसेवक पवन चमोली, मंजू रतूड़ी, ओम प्रकाश बिष्ट, लक्ष्मण नेगी, मिष्टी, आराध्या, वैष्णवी, मयंक, दीपक सहित कुल 25 लोगों ने सहयोग किया।

Leave a Reply

You May Like