
उपनिदेशक बनने पर विनोद सिंह मटूड़ा को दी भावभीनी विदाई
केएस असवाल गौचर (चमोली)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में विकासखंड पोखरी के खंड शिक्षा अधिकारी तथा कर्णप्रयाग और गैरसैंण के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी रहे विनोद सिंह मटूड़ा को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), देहरादून में उपनिदेशक पद पर नियुक्ति मिलने पर संस्थान परिवार ने भावभीनी विदाई दी।
समारोह में डायट के प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने कहा कि विनोद सिंह मटूड़ा अपनी नवाचारी कार्यशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। प्रशासनिक दायित्वों के साथ उन्होंने शैक्षिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि एससीईआरटी में उपनिदेशक के रूप में भी वे शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेंगे।
अपने संबोधन में विनोद सिंह मटूड़ा ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्हें डायट के माध्यम से लगातार सीखने और नवाचारों से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट के शैक्षणिक भ्रमण, मेघालय अध्ययन यात्रा, बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षा पुस्तिका ‘फ्योंली’ के निर्माण और विभिन्न शैक्षिक कार्यशालाओं के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि डायट की पुस्तकालय और शैक्षिक माहौल ने उनके ज्ञान और कार्यक्षमता को समृद्ध किया।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश सती, वरिष्ठ संकाय सदस्य रविंद्र सिंह बर्त्वाल, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुबोध कुमार डिमरी, संस्थान परिवार के सदस्य तथा डीएलएड प्रशिक्षु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र सिंह बर्त्वाल ने किया।
