चमोली : कर्णप्रयाग स्वास्थ्य शिविर में दूसरे दिन 482 मरीजों ने उठाया निःशुल्क उपचार का लाभ

Team PahadRaftar

केएस असवाल कर्णप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 482 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, जांच और निःशुल्क उपचार का लाभ लिया।

शिविर में मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 158 लोगों की रक्तचाप, 103 की मधुमेह, 35 की टीबी, 10 की सर्वाइकल कैंसर, 15 की स्तन कैंसर तथा 37 की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच भी की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने शिविर में 102 एक्स-रे, 70 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड और 168 विभिन्न लैब जांचें भी कराईं। आठ किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया, जबकि आठ किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। इसके अलावा तीन लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया। 22 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी तथा नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शिविर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन डॉ. राजीव शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, डेंटल सर्जन डॉ. हरीश थपलियाल, फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊमारानी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह तथा ईएनटी सर्जन डॉ. अल्का ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. पुरोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विनय बहुगुणा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सूरज नेगी, संजना खाम्पा, मंजुला चंद्रवाल, लैब टेक्नीशियन आशीष किमोठी, सारथी जखमोला, हरीश कुमेडी, कुशालानंद भट्ट, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : भारी बारिश से नीति-मलारी हाईवे फिर बाधित, तमक गाड़ी ब्रिज के पास मलबा आने से रुकी आवाजाही

दोपहर डेढ़ बजे तक मार्ग खुलने की उम्मीद, बीआरओ की टीम युद्धस्तर पर जुटी तमक (ज्योतिर्मठ), संजय कुंवर। धौलीगंगा घाटी में देर रात हुई मूसलाधार बारिश का असर नीति-मलारी हाईवे पर देखने को मिला। भारी वर्षा के कारण तमक गाड़ी ब्रिज के समीप पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने से […]

You May Like