सावन की पहली बारिश में गौचर के वार्ड-6 में जलभराव, कई घरों में घुसा पानी
केएस असवाल गौचर। सावन की पहली तेज बारिश ने गौचर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रविवार रात्रि में मूसलाधार बारिश से हवाई पट्टी के समीप कई आवासीय भवनों में पानी घुस गया। लोग पूरी रात घरों से पानी निकालने और सामान सुरक्षित करने में जुटे रहे।
कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद हुई पहली बारिश से मौसम तो सुहावना हुआ, लेकिन जलभराव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से छतों और आसपास का पानी खेतों में जमा हो गया, जिसने तालाब का रूप ले लिया। नगर पालिका की नालियां तेज बारिश का पानी निकालने में नाकाम रहीं। जलभराव बढ़ने पर पानी भवनों की पिछली बाउंड्री दीवारें पार कर घरों में पहुंच गया।
सूचना मिलने पर नगर पालिका के अवर अभियंता राजीव चौहान ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति से पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाने पर चर्चा की गई। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों के कारण प्राकृतिक जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे बारिश का पानी एकत्र होकर जलभराव की समस्या पैदा कर रहा है।
स्थानीय निवासी अनिल कंडारी ने बताया कि तेज बारिश और आकाशीय बिजली के कारण परिवार पूरी रात दहशत में रहा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि भविष्य में इससे अधिक बारिश हुई तो भवनों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
जलभराव से जगमोहन सिंह मल्ल, बीसा देवी और चंद्रमोहन सिंह बिष्ट दीपक सिंह बर्त्वाल, जयवीर सिंह नेगी, आशीष नेगी सहित अन्य परिवार प्रभावित हुए हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से शीघ्र स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
