
अधूरा पड़ा तोडीडाली–पठाली–काकड़ा गाड मोटर मार्ग, ग्रामीणों ने आंदोलन की दी चेतावनी
लक्ष्मण नेगी, ऊखीमठ : तोडीडाली–पठाली–काकड़ा गाड मोटर मार्ग का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा होने पर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 17 जुलाई तक सड़क निर्माण का शेष कार्य शुरू नहीं किया गया तो 18 जुलाई को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने इस संबंध में लोनिवि के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क अधूरी होने से कई गांवों के लोगों को आज भी कठिन परिस्थितियों में आवागमन करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि वर्षों पहले स्वीकृत इस मोटर मार्ग से क्षेत्र के विकास और बेहतर यातायात सुविधा की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही रुक जाने से लोगों की उम्मीदें टूट गईं। कई बार विभागीय अधिकारियों के समक्ष मामला उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रधान मनवर सिंह नेगी ने बताया कि मोटर मार्ग का उद्देश्य तहसील मुख्यालय तक वैकल्पिक संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने के साथ आसपास के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना था, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान पैदल मार्ग भी जोखिम भरे हो जाते हैं, जिससे लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। उनका कहना है कि सड़क बनने से कृषि, बागवानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल संसाधन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 17 जुलाई तक काम शुरू नहीं हुआ तो 18 जुलाई को बड़ी संख्या में ग्रामीण लोनिवि कार्यालय का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
