
बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने खोला मोर्चा
चमोली। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। सोमवार को ज्योतिर्मठ में बदरीनाथ विधायक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बदरीनाथ धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में चढ़ावे से जुड़े मामले में उठे सवालों का जल्द और पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। उनका कहना था कि यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि धार्मिक संस्थानों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरे प्रकरण का शीघ्र खुलासा जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सार्वजनिक करने तथा दोषियों को कानून के अनुसार दंडित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
