गोपेश्वर। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर आयोजित सेवा पखवाड़ा के तहत शनिवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम में गढ़वाली लोकनृत्य, छोलिया नृत्य, जागर शैली में गायन, स्वागत गीत, नाटी नृत्य सहित अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भेषज संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल ने की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में जिले के कई विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर क्राइस्ट अकादमी, कोठियालसैंण ने प्रथम, सुबोध प्रेम विद्या मंदिर, गोपेश्वर ने द्वितीय तथा आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गोपेश्वर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन मनोज तिवारी एवं पृथ्वी सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर सभासद दीपक भट्ट, दीपक बिष्ट, संजय कुमार, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
