चमोली : मानसून से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, पुलों के सुरक्षा ऑडिट और नालों की सफाई के निर्देश

Team PahadRaftar

चमोली, संवाददाता। मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून पूर्व तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी वैली पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने और जोखिम वाले स्थलों का चिन्हीकरण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को जेसीबी मशीनों की उपलब्धता बनाए रखने और ऑपरेटरों की स्थानवार सूची तैयार रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को नदियों और गदेरों में सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर ड्रेजिंग एवं चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा। साथ ही सभी सड़क एजेंसियों और नगर निकायों को नालों की सफाई, झाड़ियों के कटान और जलभराव वाले क्षेत्रों में पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान मार्ग बाधित होने की स्थिति में मशीनरी तत्काल उपलब्ध होनी चाहिए तथा वैकल्पिक मार्गों का चिन्हीकरण कर आवश्यक सुधार कार्य पहले ही पूरे कर लिए जाएं। नगर निकायों को स्ट्रीट लाइटें चालू रखने, नालियों की सफाई और रैन बसेरों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अस्पतालों और एम्बुलेंसों की होगी विशेष निगरानी

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं, उपकरणों और आपातकालीन सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गंभीर रोगियों का चिन्हीकरण कर उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सभी एम्बुलेंसों का फिटनेस परीक्षण कराने और गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर मानसून के दौरान सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

खाद्यान्न भंडारण और पशुधन सुरक्षा पर भी फोकस

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति विभाग को दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सितंबर तक तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को पशुधन की सुरक्षा और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने को कहा गया।

पेयजल विभाग को क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत तथा विद्युत विभाग को ढीले तारों और जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक , मुख्य विकास अधिकारी , उप जिलाधिकारी , मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनीं चंद्रकला तिवारी, चमोली में खुशी की लहर

गिरीश चंदोला गोपेश्वर। उत्तराखंड सरकार द्वारा विभिन्न दायित्वधारियों की घोषणा के बाद चमोली जनपद को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। गोपेश्वर निवासी भाजपा की वरिष्ठ नेत्री को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का […]

You May Like