
बदरीनाथ, संजय कुंवर संवाददाता। मीडिया सलाहकार समिति में उपाध्यक्ष पद पर राज्यमंत्री दर्जा मिलने के बाद धीरेंद्र पंवार के सम्मान में बदरीनाथ धाम में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पुरोहित धीरज पंचभैया (मोनू) ने भगवान बदरीविशाल के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को मिष्ठान वितरित किया गया। पुरोहित धीरज पंचभैया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने धीरेंद्र पंवार को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर उनकी कार्यक्षमता और अनुभव पर विश्वास जताया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि धीरेंद्र पंवार को सरकार में अहम दायित्व मिलने से बदरीनाथ धाम के पंडा-पुरोहित समाज, क्षेत्रवासियों और समर्थकों में खुशी की लहर है। लोगों ने इसे प्रदेश हित में लिया गया सकारात्मक निर्णय बताया है।
बताया गया कि देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में भी उनकी नियुक्ति का स्वागत किया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि धीरेंद्र पंवार के अनुभव का लाभ सरकार और प्रदेश के विकास कार्यों को मिलेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने धीरेंद्र पंवार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
