चमोली : 25 करोड़ की सड़क पर उठे सवाल, ग्रामीण बोले- राजजात मार्ग निर्माण में बरती जा रही लापरवाही

Team PahadRaftar

ग्वालदम-नंदकेशरी सड़क निर्माण पर घमासान, गुणवत्ता और वन भूमि क्षति को लेकर ग्रामीणों का विरोध

थराली /चमोली, गिरीश चंदोला संवाददाता। नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों के लिए ग्वालदम-नंदकेशरी मोटरमार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य पर खर्च किए जा रहे करोड़ों रुपये अब सवालों के घेरे में आ गए हैं। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे निर्माण कार्य में अनियमितताओं और वन भूमि को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 18 किलोमीटर लंबे मोटरमार्ग के निर्माण के दौरान बड़े पैमाने पर पहाड़ियों और चट्टानों की कटान की गई, जिससे वन भूमि को क्षति पहुंची है। निर्माण कार्य से निकला मलबा भी वन क्षेत्र में डाले जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि वन भूमि पर मलबा डालने की अनुमति किस विभाग ने दी और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका क्या रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। आरोप है कि पुराने और मजबूत कॉजवे तथा स्कवरों को तोड़कर दोबारा निर्माण किया जा रहा है, लेकिन नए निर्माण में मानकों का पालन नहीं हो रहा। कई स्थानों पर पर्याप्त सरिया और सीमेंट का उपयोग नहीं किया जा रहा, जबकि बजरी के स्थान पर डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है। इससे सड़क और सुरक्षा दीवारों की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकोट की ग्राम प्रधान सुनीता तिवाड़ी ने कहा कि बरसात के दौरान थराली-देवाल मोटरमार्ग बंद होने की स्थिति में यही सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग बनती है। यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता नहीं सुधारी गई तो ग्रामीण आंदोलन और चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीण उमेश राम ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान उनकी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही उनके घर के ऊपर कलमट बनाए जाने से बरसात में खतरा बढ़ गया है। वहीं रेनू कुनियाल ने आरोप लगाया कि राजजात यात्रा के नाम पर स्वीकृत धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार पर भी विचार कर सकते हैं।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्यों और वन भूमि को हुए कथित नुकसान की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई : अधिशासी अभियंता

लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता अनूप सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिली हैं। विभाग जल्द स्थलीय निरीक्षण कर जांच करेगा। यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : जनसमस्याएं सुनने दशज्यूला पहुंचे राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, महड़ में किया पौधरोपण

ऊखीमठ, लक्ष्मण नेगी। उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री ने दशज्यूला क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर लोगों से संवाद किया तथा समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं महड़ गांव में “एक पेड़ […]

You May Like