चमोली : बीडीसी प्रस्तावों की मॉनिटरिंग को बनेगा पोर्टल, लापरवाही पर बीडीओ व एडीओ पंचायत को नोटिस

Team PahadRaftar

बीडीसी प्रस्तावों की मॉनिटरिंग को बनेगा पोर्टल, लापरवाही पर बीडीओ व एडीओ पंचायत को नोटिस

केएस असवाल संवाददाता, चमोली : क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) बैठकों में पारित प्रस्तावों और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की अब ऑनलाइन निगरानी होगी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर इसके लिए जनपद में एक समर्पित पोर्टल विकसित किया जाएगा। यह निर्देश जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गुरुवार को दशोली ब्लॉक सभागार में आयोजित बीडीसी की विशेष बैठक में दिए।

बैठक के दौरान पूर्व बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों और प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या संकलित न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी दशोली और एडीओ पंचायत के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान बैठक के सभी प्रस्तावों और शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संकलित कर संबंधित विभागों को भेजने तथा उनकी अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों को अपनी कार्ययोजना में शामिल करते हुए फील्ड स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पोर्टल के माध्यम से बीडीसी बैठकों में उठाए गए मुद्दों, शिकायतों और उनके निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे विभागों की जवाबदेही तय होने के साथ शिकायतों के समाधान में भी तेजी आएगी।

बैठक में कृषि विभाग द्वारा प्रस्तावित चेन लिंक फेंसिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को इसकी समीक्षा कर कृषि बहुल गांवों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों और शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, विद्युत और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, मुख्य विकास अधिकारी  अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक सप्ताह में विभागों को भेजे जाएंगे प्रस्ताव

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान बीडीसी बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों और शिकायतों का संकलन कर एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों को प्रेषित किया जाए। विभाग निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

You May Like