ऊखीमठ : कुमार लोक में कल से शुरू होगा 11 दिवसीय महायज्ञ, वेद मंत्रों से गुंजायमान होगा कार्तिक स्वामी धाम

Team PahadRaftar

कुमार लोक में कल से शुरू होगा 11 दिवसीय महायज्ञ, वेद मंत्रों से गुंजायमान होगा कार्तिक स्वामी धाम

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। देव सेनापति भगवान कार्तिकेय की तपस्थली स्थित कुमार लोक कार्तिक स्वामी तीर्थ में शुक्रवार से 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन का शुभारंभ होगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर समिति, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का पहुंचना भी शुरू हो गया है।

कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि पांच जून से 15 जून तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ, हवन और पुराण वाचन किया जाएगा। देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से विद्वान आचार्य और कथा वाचक इसमें शामिल होकर श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं का संदेश देंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, आवास और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। यात्रा मार्गों और पड़ावों पर साफ-सफाई के साथ आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। स्कंद नगरी और क्रौंच पर्वत क्षेत्र में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मंदिर समिति के सचिव बलराम सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। आयोजन के चलते कुमार लोक और आसपास के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। होटल, भोजनालय और अन्य स्थानीय व्यवसायों में भी चहल-पहल दिखाई देने लगी है।

मंदिर के पुजारी नंदू पुरी ने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 15 जून को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा।

पंडित सुधीर नौटियाल ने बताया कि धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित यह महायज्ञ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। आयोजन शुरू होने से पहले ही कुमार लोक में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है और पूरा क्षेत्र “जय कार्तिक स्वामी” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : गौरव सैनिक संगठन के संस्थापक सदस्य राजेंद्र कंडारी का निधन, क्षेत्र में शोक

गौरव सैनिक संगठन के संस्थापक सदस्य राजेंद्र कंडारी का निधन, क्षेत्र में शोक  केएस असवाल संवाददाता, गौचर : रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन के संस्थापक सदस्य, पूर्व ग्राम प्रधान दुवा एवं गौचर के वरिष्ठ व्यवसायी राजेंद्र सिंह कंडारी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। उनके निधन […]

You May Like