चमोली : नीति अल्ट्रा रन में दिगम्बर का दम, 75 किमी दौड़ जीतकर लहराया परचम

Team PahadRaftar

रिमखिम से नीति तक दुर्गम ट्रैक पर दिखाई अद्भुत क्षमता, सीमांत घाटी में गूंजा चमोली का नाम

संजय कुंवर संवाददाता, मलारी (चमोली) : चीन सीमा से सटी नीति घाटी में आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के पहले दिन चमोली के धावक दिगम्बर कुंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन का खिताब अपने नाम कर लिया। ऊंचे हिमालयी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के बीच दिगम्बर ने करीब चार घंटे में दौड़ पूरी कर जीत हासिल की।

रविवार को रिमखिम से शुरू हुई 75 किलोमीटर की अल्ट्रा रन सुमना, ग्रैंड कैन्यन स्ट्रेच, मलारी और नीति गांव होते हुए वापस मलारी फिनिश लाइन पर संपन्न हुई। देशभर से पहुंचे धावकों के बीच दिगम्बर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंत तक अपना दबदबा कायम रखा।

दिगम्बर की जीत पर एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसायटी चमोली के अध्यक्ष विवेक पंवार ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पहाड़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच, कोचिंग और प्रायोजन मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिगम्बर जैसे खिलाड़ी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।

नीति घाटी में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए देश के 27 राज्यों से करीब एक हजार प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में दो विदेशी धावक भी शामिल हैं। 42 किलोमीटर महिला वर्ग की दौड़ भी संपन्न हो चुकी है, हालांकि खराब मौसम और सीमित संचार व्यवस्था के कारण आधिकारिक परिणाम देर शाम तक जारी नहीं हो सके थे।

आयोजकों के अनुसार नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन विश्व की छठी और भारत की चौथी सबसे अधिक ऊंचाई पर आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन है। कठिन चढ़ाई, कम ऑक्सीजन और बदलते मौसम के बीच यह दौड़ प्रतिभागियों के साहस और सहनशक्ति की कड़ी परीक्षा ले रही है।

आयोजन में पर्यटन विभाग, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और भारतीय सेना सहयोग कर रही हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर एडवेंचर एसोसिएशन एंड वेलफेयर सोसायटी चमोली की टीम व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।

क्षेत्रीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

सोसायटी के अध्यक्ष विवेक पंवार ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमांत नीति घाटी को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय होमस्टे, होटल, परिवहन, गाइड और हस्तशिल्प व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी लाभ मिलेगा।

प्रमुख बातें

  • दिगम्बर कुंवर ने जीती 75 किमी अल्ट्रा मैराथन
  • रिमखिम से मलारी और नीति तक रहा रेस का ट्रैक
  • 27 राज्यों के करीब एक हजार प्रतिभागी पहुंचे
  • दो विदेशी धावक भी प्रतियोगिता में शामिल
  • विश्व की छठी और भारत की चौथी सबसे ऊंचाई वाली अल्ट्रा रन का दावा
  • आईटीबीपी, सेना और पर्यटन विभाग का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : कल खुलेंगे विश्व धरोहर फूलों की घाटी के द्वार, तैयारियां पूरी

कल खुलेंगे विश्व धरोहर फूलों की घाटी के द्वार, तैयारियां पूरी संजय कुंवर गोविंदघाट (चमोली)। यूनेस्को की विश्व प्राकृतिक धरोहर सूची में शामिल फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान सोमवार एक जून से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही देश-विदेश से आने वाले प्रकृति प्रेमियों को हिमालय की […]

You May Like