पौड़ी : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

Team PahadRaftar

जसपाल नेगी पौड़ी। संवाददाता : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला पंचायत सभागार में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तंबाकू और निकोटिन के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीनियर सिविल जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने की। उन्होंने कहा कि तंबाकू निषेध दिवस केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनजागरूकता की प्रक्रिया है। उन्होंने लोगों को तंबाकू उत्पादों का बहिष्कार करने की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान तंबाकू की लत छोड़ चुके तीन व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि तंबाकू का सेवन कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए व्यक्ति की इच्छाशक्ति के साथ परिवार और समाज का सहयोग भी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तंबाकू से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत कर रहा है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने कहा कि युवाओं में बढ़ती तंबाकू और नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि धूम्रपान का दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके आसपास मौजूद लोग भी इससे प्रभावित होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जीआईसी पौड़ी के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण, निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत प्रथम, रुबीना रावत द्वितीय और आरुष तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत ने प्रथम तथा प्रियांशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में मोहित प्रथम और कार्तिक कुमार द्वितीय रहे। स्लोगन प्रतियोगिता में आदित्य बिष्ट प्रथम तथा निशा द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा, प्रधानाचार्य आर.पी. डोबरियाल, एसआई संजय असवाल, एनसीडी कंसल्टेंट श्वेता गुसाईं, शकुंतला नेगी, दिनेश शाह, निम्मी कुकरेती, मनमोहन देवली, आशीष रावत, दुर्गा नेगी समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों ने पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने का लिया संकल्प केएस असवाल संवाददाता। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन के प्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर […]

You May Like