चमोली : बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में प्रोटोकॉल दर्शन महंगा, अब देने होंगे 1100 रुपये

Team PahadRaftar

बीकेटीसी ने जारी किए नए आदेश, 29 मई से लागू होगी व्यवस्था

संजय कुंवर संवाददाता, देहरादून : चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में प्रोटोकॉल दर्शन कराने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने प्रोटोकॉल दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये सहयोग राशि तय कर दी है। नई व्यवस्था 29 मई 2026 से लागू होगी।

बीकेटीसी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार से प्राप्त प्रोटोकॉल सूचना के आधार पर जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा प्रोटोकॉल पर्ची जारी की जाएगी। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर सुगम दर्शन कराए जाएंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति 1100 रुपये की सहयोग राशि ली जाएगी और रसीद भी जारी की जाएगी।

मंदिर समिति के अनुसार चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और सामान्य यात्रियों के दर्शन पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और समिति द्वारा स्वीकृत व्यक्तियों के लिए पहले से लागू व्यवस्था जारी रहेगी। वहीं प्रोटोकॉल कार्यालय को मंदिर समिति के नीलकंठ विश्रामगृह में स्थानांतरित किया गया है।

प्रोटोकॉल दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को सिंहद्वार के बाईं ओर स्थित सीढ़ियों से प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि राज्य अतिथियों एवं उनके परिवार को निर्धारित सहयोग राशि में छूट प्रदान की जाएगी।

मुख्य कार्याधिकारी द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी चमोली, पुलिस अधीक्षक, यात्रा मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

Leave a Reply

Next Post

हेमकुंड साहिब : बर्फबारी के बीच जारी हेमकुंड साहिब यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह

बर्फबारी के बीच जारी हेमकुंड साहिब यात्रा, श्रद्धालुओं में उत्साह संजय कुंवर हेमकुंड साहिब : उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा बर्फबारी के बीच भी सुचारु रूप से जारी है। लोकपाल घाटी में मौसम खराब होने और लगातार हिमपात के बावजूद […]

You May Like