ऊखीमठ : तुंगनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 35 दिनों में 47 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Team PahadRaftar

तुंगनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 35 दिनों में 47 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। हिमालय की गोद में स्थित तृतीय केदार में इस वर्ष श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। कपाट खुलने के बाद मात्र 35 दिनों में 47 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या से चोपता घाटी सहित आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं।

प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु चोपता से करीब साढ़े तीन किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा तुंगनाथ के दरबार पहुंच रहे हैं। धाम में श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वहीं प्रकृति प्रेमी और ट्रैकिंग के शौकीन पर्यटक भी बड़ी संख्या में तुंगनाथ और चंद्रशिला पहुंच रहे हैं।

यात्रा सीजन के चलते चोपता, दुगलबिट्टा और भुजगली क्षेत्र के होटल, लॉज, रेस्टोरेंट और स्थानीय बाजार गुलजार हो गए हैं। स्थानीय युवाओं को घोड़ा-खच्चर संचालन, होटल व्यवसाय और पर्यटन गतिविधियों से रोजगार मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार यात्रा सीजन से बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने यात्रा व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन, वन विभाग, जीप टैक्सी यूनियन और स्वयंसेवी संगठन भी यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटे हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता भूपेन्द्र मैठाणी ने सरकार से तुंगनाथ यात्रा मार्ग पर पार्किंग, शौचालय, पेयजल और कूड़ा निस्तारण जैसी मूलभूत सुविधाओं के स्थायी विकास की मांग की है। तुंगनाथ धाम के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने कहा कि आस्था, अध्यात्म और प्राकृतिक सौंदर्य के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : बदरीनाथ धाम में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत, नगर पंचायत को मिली हाईटेक एंबुलेंस

बदरीनाथ धाम में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत, नगर पंचायत को मिली हाईटेक एंबुलेंस संजय कुंवर बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल की गई है। नगर पंचायत बदरीनाथ को की ओर से अत्याधुनिक हाईटेक एंबुलेंस भेंट […]

You May Like