चमोली : बदरीनाथ हाईवे पर पेट्रोल-डीजल संकट, कई पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक

Team PahadRaftar

बदरीनाथ हाईवे पर पेट्रोल-डीजल संकट, कई पंपों पर खत्म हुआ स्टॉक

गोपेश्वर, संजय कुंवर। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेट्रोल-डीजल संकट गहरा गया है। पीपलकोटी, हेलंग, जोशीमठ, गोविंदघाट और बदरीनाथ धाम तक कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रविवार को कई पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगे दिखाई दिए। जिन पंपों पर थोड़ा बहुत डीजल-पेट्रोल उपलब्ध था, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे हाईवे पर कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन गई।

यात्रा मार्ग पर कई वाहन बीच रास्ते में ही ईंधन खत्म होने से खड़े हो गए। इससे छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली से आए वाहन चालक पुष्कर सिंह ने बताया कि वह करीब दो घंटे तक पीपलकोटी के पास लाइन में खड़े रहे, लेकिन डीजल नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ईंधन नहीं मिला तो आगे बढ़ना और वापस लौटना दोनों मुश्किल हो जाएगा।

ईंधन संकट का असर स्थानीय परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। टैक्सी संचालकों, ग्रामीणों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी डीजल-पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यात्रा सीजन में अतिरिक्त ईंधन भंडारण और वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

जिला पूर्ति अधिकारी चमोली अंकित पांडे ने बताया कि जिले में तेल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से तेल कंपनियां पूरे देश में कैश पेमेंट पर ही तेल आपूर्ति कर रही हैं। पहले बिक्री के बाद भुगतान किया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है।

पंप संचालकों के अनुसार, इस बार यात्रा में वाहनों की संख्या उम्मीद से अधिक बढ़ गई है। वहीं, संकरे पहाड़ी मार्ग और ट्रैफिक जाम के चलते तेल टैंकर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : कंचनगंगा हिमस्खलन से नहीं हुआ कोई नुकसान, स्थिति सामान्य : डीएम

कंचनगंगा हिमस्खलन से नहीं हुआ कोई नुकसान, स्थिति सामान्य : डीएम चमोली : कंचनगंगा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। जिलाधिकारी गौरव कुमार […]

You May Like