जिला योजना को 1018 करोड़ की सौगात, पौड़ी को सबसे ज्यादा बजट
जसपाल नेगी देहरादून: मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 13 जनपदों को कुल 1018.206 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। सरकार का दावा है कि इससे जनपदों में विकास कार्यों को तेजी मिलेगी।

जिला योजना के तहत अनुसूचित जाति उपयोजना के लिए 200.221 करोड़ रुपये, अनुसूचित जनजाति उपयोजना के लिए 30.007 करोड़ रुपये तथा सामान्य मद में 787.978 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सरकार के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला योजना के लिए 1010.23 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। इसके सापेक्ष मार्च 2026 तक 996.72 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि शेष धनराशि वित्त विभाग को वापस कर दी गई।
जनपदवार आवंटन में पौड़ी को सबसे अधिक 119.977 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं देहरादून को 99.394 करोड़, टिहरी को 95.215 करोड़, चम्पावत को 76.914 करोड़, उत्तरकाशी को 76.542 करोड़ और चमोली को 74.237 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा नैनीताल को 70.189 करोड़, उधमसिंह नगर को 74.132 करोड़, अल्मोड़ा को 74.737 करोड़, पिथौरागढ़ को 71.737 करोड़, बागेश्वर को 59.618 करोड़, रुद्रप्रयाग को 58.158 करोड़ तथा हरिद्वार को 67.356 करोड़ रुपये मिले हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस धनराशि से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में संतुलित और समावेशी विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

