
चारधाम यात्रा : दो गंभीर बीमार तीर्थयात्रियों को हेलिकॉप्टर से भेजा गया एम्स
गोपेश्वर। चारधाम यात्रा के दौरान चमोली जिला प्रशासन की तत्परता से गुरुवार को दो गंभीर बीमार तीर्थयात्रियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। दोनों श्रद्धालुओं का वहां उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी 78 वर्षीय ओम प्रकाश गुप्ता बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए थे। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिला चिकित्सालय की ओर से उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर करने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर उन्हें एम्स ऋषिकेश भेजा।
इसके कुछ समय बाद 71 वर्षीय सावित्री देवी को भी गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें भी तत्काल हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें भी हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेज दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और रेस्क्यू की कार्रवाई की जा रही है।

