टिहरी : अंतिम संस्कार से लौटते वक्त मौत का सफर, खाई में गिरी मैक्स; 8 की मौत

Team PahadRaftar

खाई में समाई मैक्स, 8 की मौत: अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी

टिहरी के नैल के पास दर्दनाक हादसा, 2 गंभीर घायल; गांवों में पसरा मातम

टिहरी। जनपद में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

बताया जा रहा है कि वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। वाहन में सवार सभी लोग चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान नैल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। रेस्क्यू टीम ने खाई से दो घायलों को बाहर निकाला, जिनमें उत्तम कुमार (30) शामिल हैं। दोनों घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी मौके के लिए रवाना हो गईं। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

एक ही क्षेत्र के आठ लोगों की मौत से चांजी और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Next Post

पौड़ी : पौड़ी में गुलदार का हमला, घास लेने गई महिला की मौत

पौड़ी में गुलदार का हमला, घास लेने गई महिला की मौत जसपाल नेगी पौड़ी। जनपद के बमठी गांव में गुरुवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया गया कि गांव निवासी सीता देवी सुबह करीब नौ […]

You May Like