
गौचर बाजार में जाम से लोग परेशान, व्यापार मंडल ने पुलिस से की सख्ती की मांग
केएस असवाल
गौचर : यात्रा सीजन शुरू होते ही नगर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या बढ़ गई है। रोजाना लगने वाले जाम से स्थानीय व्यापारी, स्कूली बच्चे, राहगीर और तीर्थयात्री परेशान हैं। इस संबंध में नगर व्यापार मंडल ने पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने बताया कि बाजार में सड़क किनारे अव्यवस्थित खड़े वाहन और दुकानों के आगे खड़े दोपहिया जाम का मुख्य कारण हैं। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है और बाहरी श्रद्धालुओं के बीच नगर की छवि प्रभावित हो रही है।
मेला मैदान में पार्किंग की मांग
व्यापार मंडल ने मांग की है कि मुख्य बाजार व मेला क्षेत्र में खड़े वाहनों को मेला मैदान में बनी अस्थायी पार्किंग में व्यवस्थित किया जाए। साथ ही शिव मंदिर, मेला गेट, वाहन स्टॉप और गीता चौक पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
नाबालिग चालकों पर सख्ती जरूरी
पत्र में नाबालिगों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों और नशीले पदार्थों के कारोबार पर भी सख्ती बरतने को कहा गया है।
भारी वाहनों की आवाजाही रात में हो
व्यापार मंडल ने रेलवे व सड़क निर्माण में लगे भारी वाहनों के लिए दिन में प्रवेश पर रोक लगाने और रात्रि में ही आवागमन की अनुमति देने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो जाम की समस्या और बढ़ेगी, जिससे व्यापार और आम जनजीवन प्रभावित होगा।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, चौकी प्रभारी गौचर मानवेंद्र सिंह गुसांई, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, सुरेन्द्र सिंह कनवासी, दिनेश सिंह, प्रदीप चौहान, सचिन लिंगवाल, देवेन्द्र नेगी टैक्सी यूनियन, मेघा कंपनी, डीबीएल,एन एच, होटल व्यवसायी, टैक्सी यूनियन के सदस्य, डीबीएल तथा मेघा रेलवे कंपनी के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

