
राउलैक इंटर कॉलेज परिसर व मोटर मार्ग के पास काटे गए पेड़, वन विभाग की टीम मौके पर रवाना
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। मद्महेश्वर घाटी में चीड़ के हरे-भरे वृक्षों के अवैध कटान का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। राजकीय इंटर कॉलेज राउलैक परिसर और ऊखीमठ-रासी मोटर मार्ग के किनारे खड़े कई पेड़ों को बिना अनुमति काटे जाने की सूचना मिली है।
सूचना मिलते ही रुद्रप्रयाग वन विभाग की गुप्तकाशी यूनिट टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित क्षेत्र में वृक्षों के कटान की कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी और यह पूरी तरह अवैध कृत्य है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह पेड़ों का कटान होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि वन विभाग की लापरवाही के चलते ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
पर्यावरणविदों ने भी घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि चीड़ जैसे महत्वपूर्ण वृक्षों का कटान पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचाता है और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होती है।
वन विभाग के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन दरोगा अभिषेक नेगी ने बताया कि टीम मौके के लिए रवाना हो गई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

