
लक्ष्मी रावत को राष्ट्रीय संगोष्ठी में मिला सम्मान, कृषि क्षेत्र में योगदान की सराहना
श्रीनगर गढ़वाल। कृषि और सतत आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लक्ष्मी रावत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
7 अप्रैल 2026 को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के के. अकादमिक एक्टिविटी सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान उन्हें यह सम्मान पत्र प्रदान किया गया। संगोष्ठी का विषय “उत्तराखंड की महिला एग्रीप्रेन्योर: स्थानीय ज्ञान से वैश्विक लक्ष्यों की ओर (सतत आजीविका)” रहा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद लक्ष्मी रावत ने कहा कि यह उपलब्धि उनके कार्य, समर्पण और कृषि क्षेत्र में किए गए प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देगा।
उन्होंने नारी शक्ति, कृषि और आत्मनिर्भरता को सतत विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं पारंपरिक ज्ञान और नवाचार के माध्यम से आजीविका के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
यह आयोजन राज्य में महिला एग्रीप्रेन्योरशिप और सतत कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

