चमोली : अप्रैल में बर्फबारी से गुलजार हुए चमोली के ट्रैक, बढ़ी पर्यटकों की आमद

Team PahadRaftar

कुंवारी पास और पांगर चुला रूट पर उमड़े ट्रेकर्स, साहसिक पर्यटन कारोबार को मिला संबल

ज्योतिर्मठ/ चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते चमोली जनपद में मौसम ने एक बार फिर सर्दी का अहसास करा दिया है। अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में भी जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम में आए इस बदलाव के बीच चमोली से एक अच्छी खबर भी सामने आई है। अप्रैल में हो रही बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। खासकर कुंवारी पास, पांगर चुला और ऐतिहासिक लार्ड कर्जन ट्रैक रूट पर ट्रेकर्स की अच्छी आवाजाही देखी जा रही है।

जिले के बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क, चिनाप वैली, नीति वैली और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है। वहीं ज्योतिर्मठ में सुबह से हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी हुई है। निचले क्षेत्रों में भी बारिश के चलते ठंड में इजाफा हुआ है।

स्थानीय गढ़वाल एक्सप्लोर कंपनी से जुड़े अनिल नेगी ने बताया कि इन दिनों कुंवारी पास ट्रैक पर पर्यटकों के दलों की संख्या बढ़ी है। ट्रेकर्स यहां की प्राकृतिक सुंदरता और अप्रैल में हो रही बर्फबारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पर्यटकों की बढ़ती आमद से क्षेत्र में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। इसका सीधा लाभ स्थानीय गाइड, पोर्टर, होमस्टे संचालक, वाहन चालकों और छोटे कारोबारियों को मिल रहा है।

अप्रैल में बर्फबारी और ठंडे मौसम ने चमोली के पर्वतीय पर्यटन स्थलों को एक बार फिर सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।

यहां हो रही बर्फबारी

  • बद्रीनाथ धाम
  • हेमकुंड साहिब
  • वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क
  • चिनाप वैली
  • नीति वैली
  • कुंवारी पास
  • पांगर चुला ट्रैक रूट

कुंवारी पास ट्रैक पर इन दिनों पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। ट्रेकर्स प्राकृतिक सुंदरता और बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं।

अनिल नेगी, गढ़वाल एक्सप्लोर कंपनी

Next Post

जोशीमठ : डीएम के आश्वासन पर थमा तपोवन परियोजना प्रभावितों का आंदोलन

रोजगार और चारापत्ती मुआवजे पर प्रशासन-एनटीपीसी ने दिया भरोसा, फिलहाल टला धरना रोजगार-मुआवजे पर भरोसे के बाद टला धरना संजय कुंवर  जोशीमठ : तपोवन-विष्णुप्रयाग जल विद्युत परियोजना को लेकर प्रभावित ग्रामीणों का उग्र होता आंदोलन फिलहाल थम गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के हस्तक्षेप के बाद बुधवार को हुई अहम […]

You May Like