बदरीनाथ : यात्रा तैयारियों की हकीकत देखने बदरीनाथ पहुंचे विधायक, अधूरे कामों पर बिफरे

Team PahadRaftar

बदरीनाथ धाम में अधूरी तैयारियों पर सख्त हुए विधायक

लखपत बुटोला ने मंदिर परिसर, तप्तकुंड और ब्रह्मकपाल क्षेत्र का किया निरीक्षण

संजय कुंवर 

बदरीनाथ : चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं और मास्टर प्लान के निर्माण कार्यों की पोल खुलती नजर आ रही है। शनिवार को बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने धाम पहुंचकर तैयारियों और निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह काम अधूरे मिलने पर वह नाराज दिखे।

विधायक बुटोला ने बदरीनाथ मंदिर परिसर, यात्रा परिपथ, तप्तकुंड क्षेत्र और ब्रह्मकपाल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मास्टर प्लान से प्रभावित स्थानीय दुकानदारों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पुल से मंदिर परिसर, ब्रह्मकपाल और तप्तकुंड क्षेत्र तक पैदल मार्ग को जल्द दुरुस्त और मजबूत किया जाए

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि मास्टर प्लान निर्माण कार्यों के चलते पिछले तीन वर्षों से बदरीनाथ धाम के आसपास अव्यवस्था बनी हुई है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने धाम की ऐसी तस्वीर जाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ धाम जैसे आस्था के केंद्र की छवि किसी भी हाल में खराब नहीं होनी चाहिए

उन्होंने कहा कि कपाट खुलने के बाद बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में यात्रा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी तरह चाक-चौबंद होनी चाहिए। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि धाम की गरिमा, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। इस अवसर पर उनके साथ जोशीमठ पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह और ब्लॉक प्रमुख अनुप नेगी के साथ अन्य उपस्थित रहे।

Next Post

ज्योतिर्मठ : पटुड़ी गांव में जीतू बगड़वाल देव नृत्य की धूम, लोकआस्था और संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम

गढ़वाल की पौराणिक लोककथा पर आधारित पारंपरिक देव नृत्य, नौ दिन और नौ रात तक चलता है आयोजन  संजय कुंवर ज्योतिर्मठ : अलकनंदा घाटी के पटुड़ी गांव में इन दिनों पौराणिक जीतू बगड़वाल देव नृत्य की धूम मची हुई है। नौ दिन और नौ रात तक चलने वाले इस पारंपरिक […]

You May Like