दो शिक्षकों को भावभीनी विदाई, गांवों में हुआ भव्य स्वागत-सम्मान

लक्ष्मण नेगी
उखीमठ। तुंगनाथ घाटी क्षेत्र में दो शिक्षकों के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। जूनियर हाईस्कूल उथिण्ड में सहायक अध्यापक पद पर तैनात प्रताप सिंह रावत तथा जूनियर हाईस्कूल पैज में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत भूपेन्द्र राणा के सम्मान में विद्यालयों और उनके पैतृक गांवों में भव्य समारोह आयोजित किए गए।

विद्यालयों में आयोजित विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने दोनों शिक्षकों के लंबे सेवाकाल, अनुशासन, सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें शिक्षा जगत की अमूल्य धरोहर बताया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने प्रिय गुरुओं को भावपूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
सेवानिवृत्ति के बाद दोनों शिक्षकों के पैतृक गांवों में भी जोरदार स्वागत किया गया। उदयपुर में भूपेन्द्र राणा तथा पलद्वाणी में प्रताप सिंह रावत के सम्मान में आयोजित समारोहों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और परिजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण और जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि दोनों शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी, बल्कि सामाजिक मूल्यों और संस्कारों का भी पाठ पढ़ाया। उनके मार्गदर्शन में अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में दोनों शिक्षकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रही है और भविष्य में भी वे समाजहित के कार्यों में सक्रिय रहेंगे।

इस अवसर पर प्रधान सुलेखा देवी, नीमा देवी, जयकृत सिंह कुंवर, सनोज नेगी, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, पूर्व प्रधान शांता रावत, संदीप पुष्वाण, विजयपाल सिंह नेगी, इंद्रा देवी, हर्षवर्धन सेमवाल, सुलोचना देवी, शिव सिंह पंवार, भगवती प्रसाद मैठाणी, गजपाल पटवाल, पूर्व प्रधानाचार्य पी.एस. नेगी, खुशहाल सिंह नेगी, प्रधानाध्यापक देवेंद्र बजवाल, मगनानंद भट्ट, गौरा देवी राणा, रघुवीर सिंह पंवार, कुंवर सिंह रावत, निशा भट्ट, संगीता नौटियाल, शशिकला राणा, देवानंद गैरोला, ओम प्रकाश सेमवाल, विनोद सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र रावत, प्रदीप रावत, राजेंद्र भंडारी, शिव सिंह रावत, मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, परिजन और दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
