
कई दिनों से आबादी के बीच घूम रहा जंगली जानवर, ग्रामीणों ने वन विभाग से लगाई गुहार
जसपाल नेगी, पौड़ी : पाबौ ब्लॉक की ग्राम सभा सैजी का कोठला तोक इन दिनों गुलदार की दहशत में जी रहा है। गांव के आसपास कई दिनों से गुलदार की लगातार आवाजाही बनी हुई है। स्थिति यह है कि दिन में गांव के नजदीक दिखने वाला गुलदार अब रात के समय घरों के आंगन तक पहुंचने लगा है। इससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।
गुलदार की सक्रियता के चलते ग्रामीणों की दिनचर्या पर भी असर पड़ने लगा है। शाम होते ही लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक भयभीत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब अकेले बाहर निकलने से भी लोग कतराने लगे हैं।
कोठला तोक निवासी सुरेंद्र नौटियाल, नंदराम, राकेश नौटियाल, देवी प्रसाद और कैलाश ने बताया कि गुलदार कई बार दिन के समय भी गांव के आसपास देखा गया है। उनका कहना है कि यदि वन विभाग ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गांव में पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

