
ज्योतिर्मठ महाविद्यालय की दो छात्राओं का विवेकानंद छात्रवृत्ति में चयन
संजय कुंवर ज्योतिर्मठ
उत्तराखण्ड राज्य की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर हरिद्वार स्थित विवेकानंद सेवा समिति द्वारा आयोजित त्रिस्तरीय ऑनलाइन प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जोशीमठ की दो छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विवेकानंद छात्रवृत्ति में स्थान प्राप्त किया है।

प्रतियोगिता का आयोजन महान संत की शिक्षाओं मानव निर्माण एवं चरित्र निर्माण को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। इसमें क्विज, निबंध लेखन और ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञान और जागरूकता का मूल्यांकन किया गया।
महाविद्यालय की छात्रा पूर्णिमा (षष्ठम सेमेस्टर) और विशाखा (चतुर्थ सेमेस्टर) ने तीनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंतिम चयन सूची में स्थान बनाया। उपलब्धि के लिए विशाखा को 3100 रुपये और पूर्णिमा को 2100 रुपये की धनराशि प्रदान की गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया। प्रतियोगिता में दोनों छात्राओं का मार्गदर्शन समाजशास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राहुल मिश्रा ने किया।यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

